केकेआर बनाम एसआरएच मुकाबले के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के ऑलराउंडर अभिषेक शर्मा विवादों में आ गए हैं। शानदार पारी खेलने के बावजूद उन्हें मैच के दौरान अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करना भारी पड़ गया।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने उन्हें आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया है। इसके चलते उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है। खिलाड़ी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है।
बीसीसीआई के बयान के मुताबिक, अभिषेक शर्मा ने आईपीएल कोर्ड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.3 का उल्लंघन किया, जो अपमानजनक या अश्लील भाषा के इस्तेमाल से जुड़ा है।
रिलीज में, IPL ने कहा,
“सनराइजर्स हैदराबाद के ऑलराउंडर अभिषेक शर्मा पर गुरुवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपनी टीम के मैच के दौरान IPL आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और साथ ही उन्हें एक डिमेरिट प्वाइंट भी दिया गया है। उन्होंने अनुच्छेद 2.3 के तहत लेवल 1 के अपराध को स्वीकार किया और मैच रेफरी के फैसले को मान लिया। आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघनों के लिए, मैच रेफरी का फैसला अंतिम और बाध्यकारी होता है।”
मैच की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 226 रन बनाए।
जवाब में केकेआर की टीम 16 ओवर में 161 रन पर सिमट गई। टीम के लिए अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंद पर 52 रन और रिंकू सिंह ने 35 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके।
हैदराबाद की ओर से जयदेव उनादकट ने 3 विकेट, जबकि ईशान मलिंगा और नीतीश कुमार रेड्डी ने 2-2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।





