अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान युद्ध पर पहली बार देश को संबोधित किया. डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्र के नाम अपने पहले संबोधन में अमेरिकियों को ईरान जंग का अपडेट दिया. ईरान युद्ध कब खत्म होगा, ईरान पर अभी और कब तक अटैक होंगे, ईरान में अमेरिका का कितना मकसद पूरा हुआ, ईरान के कितने लीडर्स मारे गए, होर्मुज पर अमेरिका का क्या प्लान? डोनाल्ड ट्रंप ने विस्तार से दुनिया को बताया. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान जंग में जीत का दावा किया. हालांकि, उन्होंने पूर्ण जीत नहीं कहा. उन्होंने कहा कि यह ईरान युद्ध अब खत्म होने वाला है. इसमें अभी दो या तीन हफ्ते और लग सकते हैं. इससे पहले उन्होंने कहा था कि ईरान ने अमेरिका से युद्धविराम का अनुरोध किया था, लेकिन ईरान ने इस दावे को नकार दिया,. चलिए जानते हैं डोनाल्ड ट्रंप की स्पीच की खास बातें.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय समयानुसार आज यानी गुरुवार सुबह अमेरिकियों से कहा कि ईरान युद्ध खत्म होने के करीब है और उन्होंने अनुमान लगाया कि इसमें अभी दो से तीन हफ्ते और लगेंगे. देश के नाम संबोधन में उन्होंने कहा, ‘आज मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि ये मुख्य रणनीतिक लक्ष्य पूरे होने के करीब हैं.’
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान अमेरिका की शर्तों पर सहमत नहीं होता है तो वॉशिंगटन अगले दो से तीन हफ्तों में हमलों को और तेज करने के लिए तैयार है. उन्होंने चेतावनी दी कि देश को वापस पाषाण युग में पहुंचाया जा सकता है. ट्रंप ने इस बात पर जोर दिया कि जब तक अमेरिका के लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते, तब तक मिलिट्री दबाव बनाए रखना जरूरी है.
ट्रंप ने अमेरिकी सैनिकों को किया याद
अमेरिकी सेना की उपलब्धियों का जश्न मनाते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने उन अमेरिकी सैनिकों को भी याद किया जो इस युद्ध में मारे गए हैं. उन्होंने युद्ध को जल्द से जल्द खत्म करने का वादा किया. ट्रंप ने कहा, ‘जैसे-जैसे हम इस प्रगति का जश्न मना रहे हैं हम विशेष रूप से उन 13 अमेरिकी योद्धाओं को याद करते हैं जिन्होंने इस लड़ाई में अपनी जान न्योछावर कर दी, ताकि हमारे बच्चों को कभी भी परमाणु शक्ति वाले ईरान का सामना न करना पड़े. हम उन्हें सलाम करते हैं और अब हमें उस मिशन को पूरा करके उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देनी चाहिए जिसके लिए उन्होंने अपनी जान दी.’
डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि मारे गए सैनिकों के परिवारों ने उनसे कहा था कि वे इस काम को पूरा करें. हम इस काम को पूरा करने जा रहे हैं और हम इसे बहुत तेजी से पूरा करेंगे. हम लक्ष्य के बहुत करीब पहुंच चुके हैं.’
होर्मुज खोलने की जिम्मेदारी किसकी?
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज यानी होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की जिम्मेदारी अमेरिकी सहयोगियों की होगी. उन्होंने उनसे आग्रह किया कि वे कुछ रुकी हुई हिम्मत जुटाएँ और इस अहम जलमार्ग पर फिर से नियंत्रण पाने के ऑपरेशन का नेतृत्व करें. उन्होंने कहा, ‘ होर्मुज पर जाओ और बस उसे ले लो. उसकी रक्षा करो, उसे अपने लिए इस्तेमाल करो. मुश्किल काम हो चुका है. इसलिए अब यह आसान होना चाहिए.’




