देश

गुलाबी हाथी विवाद पर भड़की रूपाली गांगुली, पीएम नरेंद्र मोदी को लिखा पत्र, हाथी सवारी पर बैन की मांग

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक गुलाबी रंग से रंगे हाथी की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसे लेकर विवाद गहराता जा रहा है। तस्वीर में एक मॉडल भी हाथी पर बैठी नजर आ रही है, जिसने खुद को भी गुलाबी रंग से रंगा हुआ है। यह मामला राजस्थान से जुड़ा बताया जा रहा है। हाथी की कथित मौत के बाद इस मुद्दे ने और तूल पकड़ लिया है और लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या रंग किए जाने की वजह से उसकी मौत हुई।

इसी बीच अभिनेत्री रूपाली गांगुली ने भी इस पूरे मामले पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने इस मुद्दे को सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाते हुए पत्र लिखा है और हाथियों की सवारी पर रोक लगाने की मांग की है।

रूपाली गांगुली, जो पेटा समर्थक हैं, अक्सर जानवरों के अधिकारों को लेकर आवाज उठाती रही हैं। इस मामले में उन्होंने पीएम को लिखे पत्र में कहा,
“इस घटना ने पूरे भारत और विदेशों में लोगों को आहत किया है, जो दर्शाता है कि हाथी के शोषण के खिलाफ जनता अब कितनी दृढ़ता से महसूस करती है। वर्ल्ड वाइल्ड लाइफ डे पर, आपने वन्यजीव संरक्षण के महत्व को साझा किया। इसी भावना से प्रेरित होकर, मैं विनम्रतापूर्वक आग्रह करती हूं कि भारत सभी हाथी की सवारी को बंद करे, जैसा कि इंडोनेशिया ने किया है, और रोबोटिक हाथियों, सजावटी इलेक्ट्रिक वाहनों और अन्य गैर-पशु विकल्पों को प्रोत्साहित किया जाए ताकि हमारे राष्ट्रीय धरोहर पशु को क्रूर तमाशों में इस्तेमाल होने से बचाया जा सके।”

बताया जा रहा है कि जिस हाथी की तस्वीर वायरल हो रही है, उसका नाम चंचल था और उसकी उम्र करीब 70 साल थी। यह फोटो फोटोग्राफर जूलिया बुरुलेवा ने दिसंबर 2025 में भारत यात्रा के दौरान शूट की थी, जो अब वायरल हो रही है। वहीं, चंचल हाथी की मौत पिछले महीने हुई थी।

हालांकि अब तक ऐसी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि हाथी को रंगने की वजह से उसकी मौत हुई, लेकिन इस पूरे मामले को लेकर विवाद लगातार बढ़ रहा है। सोशल मीडिया पर लोग फोटोग्राफर को लेकर नाराजगी जता रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts