खेल

IPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी रद्द, RCB vs SRH मैच से पहले BCCI का बड़ा फैसला

आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है, लेकिन इस बार टूर्नामेंट की शुरुआत बिना किसी ओपनिंग सेरेमनी के होगी। पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।

आमतौर पर आईपीएल की शुरुआत भव्य उद्घाटन समारोह से होती है, लेकिन इस सीजन बीसीसीआई ने इसे रद्द करने का फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह निर्णय पिछले साल 4 जून 2025 को बेंगलुरु में हुई भगदड़ की घटना में जान गंवाने वाले 11 लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए लिया गया है।

हालांकि, ओपनिंग सेरेमनी की जगह इस बार फाइनल के दिन बड़ा आयोजन किया जाएगा। 31 मई को होने वाले समापन समारोह को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है।

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा,
“पिछले साल 4 जून को हुई दुखद घटना के कारण, आईपीएल 2026 के ओपनिंग डे (बेंगलुरु में) पर कोई औपचारिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। बीसीसीआई 4 जून, 2025 को हुई उस त्रासदी में दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आईपीएल के 19वें सीजन की शुरुआत में कोई सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं कर रहा है।हालांकि, बीसीसीआई और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल क्लोजिंग सेरेमनी यानी फाइनल के दिन (31 मई) एक भव्य मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रहे हैं।”

गौरतलब है कि पिछले सीजन 2025 में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भव्य ओपनिंग सेरेमनी हुई थी, जिसमें शाहरुख खान, श्रेया घोषाल, करण औजला और दिशा पटानी जैसे सितारों ने शानदार प्रस्तुति दी थी।

यह पहली बार नहीं है जब आईपीएल की ओपनिंग सेरेमनी रद्द की गई हो। इससे पहले 2019 में पुलवामा हमले के बाद भी उद्घाटन समारोह नहीं हुआ था। और उस समय समारोह के लिए आवंटित राशि को शहीद सीआरपीएफ जवानों के परिवार को दान कर दी गई थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts