दिल्ली के करोल बाग इलाके में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। झंडेवालान मंदिर के पास एक डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई यात्री घायल हो गए, जिनका इलाज पास के अस्पतालों में चल रहा है।
यह दुर्घटना देर रात करीब 1 बजकर 10 मिनट पर हुई। दमकल विभाग को इसी समय घटना की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि बस राजस्थान से आ रही थी और उसमें करीब 25 यात्री सवार थे। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण बस पलट गई।
हादसे के बाद मौके का मंजर बेहद भयावह था। सड़क पर बस के कांच के टुकड़े बिखरे हुए थे। यात्रियों का सामान, जूते-चप्पल और खाने-पीने की चीजें इधर-उधर फैली पड़ी थीं। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और फ्रंट मिरर भी पूरी तरह टूट गया।
वहां मौजूद एक ऑटो चालक ने बताया, “बस की स्पीड बहुत ज्यादा थी। गोल चक्कर आने से पहले बस 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से जा रही थी। इसके बाद आगे जाकर अनियंत्रित होकर पलट गई। यात्री खुद को बचाने के लिए खिड़कियों से कूद रहे थे। उनके शरीर से खून बह रहा था।”
एक अन्य ऑटो चालक दीपक ने कहा, “देर रात 1-1.30 बजे यह हादसा हुआ। उन्हें लगता है कि ड्राइवर को नींद आ गई होगी क्योंकि सड़क पर कोई रुकावट नहीं थी। हादसे के बाद बस के पीछे एक बच्चा फंस गया था, उसे निकाला। एक महिला भी फंसी हुई थी, उसे बचाया। वहां एक जेसीबी खड़ी थी, उसका सहारा लेकर रस्सियां डालकर लोगों को बस से बाहर निकाला।”
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





