ग्वालियर। साइबर ठगों ने एक फूड इंस्पेक्टर की पत्नी के बैंक खाते से 3 लाख 36 हजार 438 रुपए निकाल लिए। हैरानी की बात यह रही कि न तो कोई OTP आया और न ही कोई कॉल, फिर भी खाते से कई ट्रांजेक्शन हो गए। यह घटना 10 मार्च की रात की है। मैसेज देखने के बाद महिला को ठगी का पता चला, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के शताब्दीपुरम में रहने वाली रंजना दुबे ने बताया कि 10 मार्च की रात वह मोबाइल पर सोशल साइट्स देख रही थीं। कुछ देर बाद उन्होंने फोन रख दिया और सो गईं। इसी दौरान उनका मोबाइल हैंग हो गया और अपने आप स्विच ऑफ होकर फिर चालू हो गया। अगले दिन सुबह जब उन्होंने फोन चेक किया तो बैंक के कई मैसेज मिले, जिनमें खाते से पैसे निकलने की जानकारी थी।
जांच में सामने आया है कि जिन खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उनकी पुलिस पड़ताल कर रही है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि APK फाइल के जरिए मोबाइल हैक किया गया और UPI के माध्यम से अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर रकम दूसरे खातों में भेजी गई।
वहीं IPS ASP विदिता डागर का कहना है कि “पुलिस ने इस मामले में अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी हैं।”





