अमेरिका के ला गॉर्डिया एयरपोर्ट पर रविवार रात एयर कनाडा एक्सप्रेस के एक यात्री विमान के साथ बड़ा हादसा हो गया। लैंडिंग के दौरान विमान रनवे पर मौजूद एक ग्राउंड व्हीकल से टकरा गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। मृतक यात्री थे या क्रू मेंबर, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, मॉन्ट्रियल से आ रही फ्लाइट में कुल 72 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, रात करीब 11:45 बजे विमान अग्निशमन वाहन से जा टकराया।
हादसे के तुरंत बाद अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने ला गॉर्डिया एयरपोर्ट पर ‘ग्राउंड स्टॉप’ लागू कर दिया। इसका मतलब है कि न तो कोई विमान वहां उतर सकता है और न ही उड़ान भर सकता है। जांच के लिए एयरपोर्ट को सुबह 3 बजे से बंद कर दिया गया है। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड इस मामले की बारीकी से जांच कर रहा है। इस टक्कर के बाद विमान के अगले हिस्से में भारी नुकसान देखा गया। पास ही दमकल की गाड़ी भी पलटी हुई मिली।
इस बीच हादसे से जुड़ा एक ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें पायलट की घबराहट और कंट्रोल टावर की हड़बड़ाहट साफ सुनी जा सकती है। बताया जा रहा है कि पायलट ने आखिरी वक्त पर इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन टक्कर टाली नहीं जा सकी।
ला गॉर्डिया न्यूयॉर्क का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है। इस हादसे के बाद लागू हुई पाबंदियों के कारण हजारों यात्रियों के फंसने की आशंका है। एविएशन एक्सपर्ट्स का कहना है कि रनवे पर इस तरह की घटनाएं दुर्लभ होती हैं, लेकिन इनके कारण पूरे एयर ट्रैफिक नेटवर्क पर बुरा असर पड़ता है।





