छत्तीसगढ़

खाली सिलेंडर और कच्ची सब्जियों के साथ महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, “नाम नरेंद्र – काम सरेंडर” के नारों से गूंजा जय स्तंभ चौक

राजनांदगांव, 14 मार्च। बढ़ते एलपीजी सिलेंडर के दाम, बाजार में सिलेंडरों की कमी और लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ आज शहर महिला कांग्रेस राजनांदगांव की अध्यक्ष माया शर्मा के नेतृत्व में जय स्तंभ चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देश एवं राज्यसभा सांसद तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष फूलो देवी नेताम के आदेशानुसार आयोजित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस पदाधिकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खाली गैस सिलेंडर पर कच्ची सब्जियां रखकर केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अनोखे और प्रतीकात्मक तरीके से विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों और बेलगाम महंगाई ने आज आम जनता की रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं और कई जगहों पर सिलेंडरों की कृत्रिम कमी पैदा कर आम जनता को परेशान किया जा रहा है।
इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में विभिन्न नारे लिखी तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “नाम नरेंद्र – काम सरेंडर” जैसे नारों से पूरा जय स्तंभ चौक गूंज उठा। प्रदर्शन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने यह संदेश दिया कि केंद्र सरकार महंगाई और आम जनता की समस्याओं के सामने पूरी तरह सरेंडर कर चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान महिला कांग्रेस द्वारा आम जनता के बीच हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। इस अभियान के माध्यम से लोगों से हस्ताक्षर कराकर केंद्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ जनमत तैयार किया गया और गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दामों को वापस लेने तथा बाजार में सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष माया शर्मा ने कहा कि आज देश में महंगाई अपने चरम पर है और इसका सबसे ज्यादा असर महिलाओं और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। रसोई गैस के दामों में लगातार वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग की रसोई पर संकट खड़ा हो गया है। सरकार “उज्ज्वला” जैसी योजनाओं का ढिंढोरा पीटती है, लेकिन आज हालात यह हैं कि महंगे सिलेंडर के कारण गरीब परिवार दोबारा लकड़ी और कोयले के चूल्हे पर लौटने को मजबूर हो रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान एपेस्टिन फाइल्स में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम सामने आने के मामले को भी गंभीर बताते हुए महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि इस मामले में उनका नाम सामने आया है तो उन्हें नैतिकता के आधार पर तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया, गैस सिलेंडर के दाम कम नहीं किए गए और बाजार में सिलेंडरों की कमी दूर नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी और महिला कांग्रेस सड़क से सदन तक और भी बड़े आंदोलन करने को मजबूर होगी।
इस अवसर पर आज के कार्यक्रम में राजनांदगांव प्रभारी श्री दीपक दुबे जी तथा इरफान खान जी, राजनांदगांव शहर अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार जी, पूर्व मंत्री धनेश पटिला जी , पूर्व महापौर हेमा देशमुख जी, नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले जी, पूर्व ग्रामीण अध्यक्ष श्री किशन खंडेलवाल जी, पूर्व निगम अध्यक्ष रमेश डाकलिया , पूर्व अध्यक्ष दिनेश शर्मा, पूर्व महापौर सुदेश देशमुख , प्रदेश उपाध्यक्ष शारदा तिवारी जी पार्षद सतीश मसीह पूर्व पार्षद अमीन हुड्डा जी, सिद्धार्थ डोंगरे,अध्यक्ष प्रतिमा बंजारे , प्रदेश महासचिव रुबीना अल्वीजी, प्रदेश सचिव प्रज्ञा गुप्ता , खैरून निशा , फराह खान पूर्णिमा नाग देवे, पायल बरमटे ललिता साहू,पायल प्यारे, शाहिनाजी , निशा गुप्ता अभिमन्यु मिश्र,चेतन सिन्हा , सौम्य शर्माऔर सभी ने एक स्वर में केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts