धर्म

चैत्र नवरात्रि 2026: 9 दिन, 9 रंगों का महत्व, जानें किस दिन कौन सा रंग पहनना होता है शुभ

चैत्र नवरात्रि हिंदू धर्म का एक बेहद पवित्र पर्व है, जो देवी दुर्गा की उपासना और शक्ति की आराधना को समर्पित होता है। इन नौ दिनों में भक्त मां दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की पूजा करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार नवरात्रि के हर दिन का एक विशेष रंग होता है, जिसे धारण करना शुभ माना जाता है।

कहा जाता है कि यदि भक्त उस दिन के अनुसार निर्धारित रंग के कपड़े पहनकर पूजा करते हैं तो उन्हें मानसिक शांति मिलती है और मां दुर्गा की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

नवरात्रि के 9 दिन और उनके शुभ रंग

प्रथम दिन – मां शैलपुत्री (पीला रंग)
नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। इस दिन पीले रंग के वस्त्र पहनना शुभ माना जाता है। पीला रंग उत्साह, चमक और खुशी का प्रतीक है। यह रंग भक्त के मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।

द्वितीय दिन – मां ब्रह्मचारिणी (हरा रंग)
दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की आराधना की जाती है। इस दिन हरा रंग धारण करना अच्छा माना जाता है। हरा रंग प्रकृति, विकास और नवीनीकरण का प्रतीक है। यह रंग शांति और पवित्रता की भावना को जगाता है।

तृतीय दिन – मां चंद्रघंटा (ग्रे रंग)
तीसरे दिन देवी चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। इस दिन ग्रे, (स्लेटी) रंग शुभ माना जाता है, यह रंग व्यक्ति के भीतर की बुराइयों को नष्ट करने और संतुलित रहने की शक्ति का प्रतिनिधित्व करता है।

चतुर्थ दिन – मां कुष्मांडा (नारंगी रंग)
नवरात्रि के चौथे दिन मां कुष्मांडा की पूजा होती है। इस दिन नारंगी रंग के कपड़े पहनना अच्छा माना जाता है। नारंगी रंग ज्ञान, ऊर्जा और रचनात्मकता का प्रतीक है, जो साधक को नई स्फूर्ति प्रदान करता है।

पंचम दिन – मां स्कंदमाता (सफेद रंग)
पांचवें दिन मां स्कंदमाता की पूजा की जाती है। इस दिन सफेद रंग धारण करना शुभ माना जाता है। सफेद रंग शुद्धता, प्रार्थना और शांति का प्रतीक है। यह भक्त के मन को निर्मल और शांत बनाने में सहायक होता है।

षष्ठ दिन – मां कात्यायनी (लाल रंग)
छठे दिन मां कात्यायनी की आराधना की जाती है। इस दिन लाल रंग के वस्त्र पहनना शुभ माना जाता है। लाल रंग शक्ति, विजय और प्रेम का प्रतीक है। मां दुर्गा को यह रंग अत्यंत प्रिय है, जो भक्तों में साहस और वीरता का संचार करता है।

सप्तम दिन – मां कालरात्रि (रॉयल ब्लू रंग)
सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा की जाती है। इस दिन रॉयल ब्लू यानी नीले रंग के कपड़े पहनना अच्छा माना जाता है। नीला रंग अथाह शक्ति, गहराई और निडरता का प्रतीक है। यह भक्तों को शत्रुओं से लड़ने की शक्ति प्रदान करता है।

अष्टम दिन – मां महागौरी (गुलाबी रंग)
अष्टमी के दिन मां महागौरी की पूजा होती है। इस दिन गुलाबी रंग पहनना शुभ माना जाता है। गुलाबी रंग करुणा, दया और स्नेह का प्रतीक है, जो रिश्तों में मधुरता लाता है।

नवमी तिथि – मां सिद्धिदात्री (बैंगनी रंग)
नवरात्रि के अंतिम दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। इस दिन बैंगनी (पर्पल/मैजेंटा) रंग के वस्त्र पहनना शुभ माना जाता है। यह रंग विलासिता, महत्वाकांक्षा और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक माना जाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts