फिल्म ‘कॉकटेल 2’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मैडॉक फिल्म्स ने शुक्रवार (13 मार्च) को ‘कॉकटेल 2’ की रिलीज डेट की घोषणा की। इस फिल्म में शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
लंबे समय से दर्शक इस फिल्म के सीक्वल का इंतजार कर रहे थे। अब मेकर्स ने पुष्टि कर दी है कि यह नई तिकड़ी एक अलग कहानी और अंदाज के साथ दर्शकों के सामने आएगी। शुक्रवार को तीनों कलाकारों ने फिल्म का पहला पोस्टर साझा करते हुए इसके फर्स्ट लुक की तारीख का भी खुलासा किया।
पोस्टर शेयर करते हुए स्टार कास्ट ने कैप्शन में लिखा, ‘ज्यादा जानकारी के लिए, इस बुधवार, 18 मार्च को सिनेमाघरों में जाएं.’
बताया गया है कि फिल्म का फर्स्ट लुक अगले हफ्ते बुधवार, 18 मार्च को जारी किया जाएगा। फिल्म का फर्स्ट लुक रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के पेड प्रीव्यू के साथ आएगा। पोस्टर पर भी लिखा था, ‘फर्स्ट लुक इस बुधवार को. सिर्फ सिनेमाघरों में. ‘कॉकटेल 2′ 19 जून 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है.’
मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट भी घोषित कर दी है। ‘कॉकटेल 2’ 19 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
जारी किए गए पोस्टर में, शाहिद, रश्मिका और कृति एक गर्मी के दिन, समुद्र किनारे के पास एक कार में पोज देते दिख रहे हैं, जिससे ऐसा लग रहा है कि वे बीच पर छुट्टियों का मजा ले रहे हैं। फिल्म की कहानी के बारे में अभी और ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
खास बात यह है कि शादी के बाद रश्मिका मंदाना की यह पहली फिल्म होगी, जो सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया कर रहे हैं। उन्होंने करीब 12 साल पहले आई फिल्म ‘कॉकटेल’ का भी निर्देशन किया था, जिसमें दीपिका पादुकोण, सैफ अली खान और डायना पेंटी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।




