बिलासपुर में साइबर ठगों ने ई-चालान के नाम पर एक ट्रेन मैनेजर को शिकार बनाकर महज 11 मिनट में उनके खाते से 2.85 लाख रुपये निकाल लिए। ठगों ने क्रेडिट कार्ड और ई-मेल को हैक कर चार ट्रांजेक्शन के जरिए रकम ट्रांसफर कर ली। मामले का खुलासा होने के बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार तोरवा थाना क्षेत्र की सांई भूमि कॉलोनी में रहने वाले विवेक कुमार बिलासपुर रेलवे कंट्रोल रूम में ट्रेन मैनेजर के पद पर पदस्थ हैं। 7 मार्च की रात करीब 8:50 बजे उनके मोबाइल पर ओवर स्पीड के ई-चालान से जुड़ा एक मैसेज आया। मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक कर जैसे ही उन्होंने जानकारी देखनी चाही, कोई राशि नहीं दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने लिंक बंद कर दिया, लेकिन तब तक ठग उनके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर चुके थे।
इसके बाद 8 मार्च की रात करीब 2:46 बजे ठगों ने ई-मेल के जरिए विवेक के आईसीआईसी बैंक से लिंक अमेजन पे क्रेडिट कार्ड से दो 75-75 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन किए। इसके बाद तीसरे ट्रांजेक्शन में 70 हजार और चौथे में 65 हजार रुपये एक म्यूल खाते में ट्रांसफर कर दिए।
ठगों ने चालाकी दिखाते हुए विवेक की असली ई-मेल आईडी को हटाकर अपनी फर्जी ई-मेल आईडी लिंक कर दी, ताकि ट्रांजेक्शन से जुड़े अलर्ट पीड़ित तक न पहुंच सकें। घटना की जानकारी मिलते ही विवेक ने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की और तोरवा थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस और साइबर सेल अब पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।





