रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब गर्मी का असर तेज होने लगा है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद अगले चार दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों का मौसम
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान प्रदेश में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली प्रभावी नहीं है।
आज का मौसम पूर्वानुमान
आज प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में 5 मार्च को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 38°C और न्यूनतम तापमान करीब 21°C रहने की संभावना है।





