रायपुर में 22 फरवरी को आयोजित होने वाला अभिनेत्री सनी लियोनी का कार्यक्रम अब नहीं होगा। बजरंग दल के विरोध के बाद आयोजकों ने सनी लियोनी की प्रस्तुति को रद्द कर दिया है। हालांकि, ‘बिस्मिल की महफिल’ नाम से होने वाले इस संगीत आयोजन के अन्य कार्यक्रम पूर्व निर्धारित अनुसार आयोजित किए जाएंगे।
रामा वर्ल्ड में होने वाले इस इवेंट में सनी लियोनी के साथ DJ Aerreo की प्रस्तुति भी तय थी। विरोध बढ़ने के बाद आयोजन समिति ने स्पष्ट किया कि केवल सनी लियोनी का कार्यक्रम स्थगित किया गया है, बाकी सभी कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
इधर रायपुर पुलिस ने भी साफ किया है कि कार्यक्रम के लिए अब तक आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई है। एडिशनल डीसीपी रायपुर मध्य तारकेश्वर पटेल के अनुसार, आयोजकों ने पुलिस विभाग से किसी प्रकार की स्वीकृति प्राप्त नहीं की है, यदि बिना अनुमति आयोजन किया जाता, तो आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आयोजक प्रखर जैन ने बताया कि विरोध को देखते हुए सनी लियोनी का शो रद्द किया गया है। इससे उनके प्रशंसकों को निराशा जरूर हुई है, लेकिन ‘बिस्मिल की महफिल’ के बाकी सभी कार्यक्रम होंगे।





