व्यापार

दिल्ली-मुंबई के बाद हैदराबाद में खुलेगा Apple का नया स्टोर, गुरुग्राम भी रेस में

Apple भारत में अपने रिटेल नेटवर्क को तेजी से बढ़ाने की तैयारी में है। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, पुणे और नोएडा के बाद अब कंपनी एक और नए शहर में अपना फिजिकल स्टोर खोल सकती है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, Apple का अगला रिटेल स्टोर हैदराबाद में खुलने की संभावना है, जो भारत में कंपनी का छठा स्टोर होगा। इसके साथ ही गुरुग्राम में भी Apple स्टोर ओपन होने के संकेत मिल रहे हैं, जो दिल्ली-NCR का तीसरा रिटेल स्टोर बन सकता है।

हैदराबाद में नए स्टोर की तैयारी
Apple की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी जॉब लिस्टिंग से इस बात के संकेत मिले हैं कि कंपनी हैदराबाद में नए रिटेल स्टोर के लिए भर्ती कर रही है। लिस्टिंग में कई पदों के लिए वैकेंसी दिखाई गई है, जिससे साफ है कि Apple इस साल भारत में और स्टोर्स खोलने की योजना पर काम कर रहा है। जॉब पोस्टिंग में गुरुग्राम का नाम भी शामिल है, जिससे वहां भी Apple स्टोर खुलने की अटकलें तेज हो गई हैं।

मैनेजर से लेकर टेक्निकल रोल्स तक भर्ती
वेबसाइट के अनुसार, हैदराबाद स्टोर के लिए मैनेजर, सीनियर मैनेजर, स्टोर लीडर और अन्य टेक्निकल पदों पर भर्तियां की जा रही हैं। वहीं Apple के CEO टिम कुक पहले ही यह संकेत दे चुके हैं कि मुंबई में भी एक और नया रिटेल स्टोर खोला जाएगा। हालांकि, इन नए स्टोर्स की ओपनिंग डेट को लेकर अभी कंपनी ने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

Apple के लिए भारत बना अहम बाजार
भारत Apple के लिए तेजी से उभरता हुआ बाजार बन चुका है। कंपनी ने अप्रैल 2023 में मुंबई में अपना पहला और दिल्ली में दूसरा रिटेल स्टोर खोला था। इसके बाद पिछले साल बेंगलुरु, पुणे और नोएडा में तीन नए स्टोर्स शुरू किए गए। iPhone की बढ़ती मांग के चलते Apple ने भारतीय स्मार्टफोन बाजार में बड़ी छलांग लगाई है और टॉप-5 ब्रांड्स में जगह बना ली है।

Apple भारत को चीन के विकल्प बाजार के तौर पर देख रहा है। रिटेल स्टोर्स के विस्तार के साथ-साथ कंपनी यहां मैन्युफैक्चरिंग पर भी जोर दे रही है। ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत Apple अपने ज्यादातर iPhone मॉडल भारत में असेंबल कर रहा है, जिन्हें दुनियाभर में एक्सपोर्ट भी किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts