शनिवार सुबह राजधानी के पुरानी बस्ती क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कंकाली तालाब में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ नजर आया। शव दिखाई देने की खबर मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
जानकारी मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। शुरुआती जांच में पुलिस का अनुमान है कि शव दो से तीन दिन पुराना हो सकता है, लेकिन मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।





