वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुलासा किया है कि वह हवाई यात्रा के दौरान कभी नहीं सोते। उनका कहना है कि लंबी उड़ानों में भी वह पूरी तरह सतर्क रहना पसंद करते हैं, क्योंकि उन्हें संभावित खतरों की चिंता रहती है। ट्रंप के मुताबिक, वह एयर फोर्स वन में बैठकर खिड़की के बाहर नजर रखना ज्यादा सुरक्षित मानते हैं।
नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट में बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्हें विमान में सोना बिल्कुल पसंद नहीं है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह खिड़की से बाहर मिसाइलों और दुश्मनों पर नजर रखना पसंद करते हैं। उनकी इस बात पर वहां मौजूद लोग हंस पड़े।
ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान की एक घटना को याद करते हुए बताया कि जब वह इराक की यात्रा पर थे, तब एयर फोर्स वन में एक वरिष्ठ अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने उन्हें आराम करने की सलाह दी थी। अधिकारी ने कहा था कि यात्रा करीब 20 घंटे की है और उनके लिए कमरा तैयार है। इस पर ट्रंप ने साफ मना कर दिया और कहा कि उन्हें सोने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने दोहराया कि वह विमान में इसलिए नहीं सोते, क्योंकि हमेशा सतर्क रहना चाहते हैं। गौरतलब है कि एयर फोर्स वन को दुनिया के सबसे सुरक्षित विमानों में गिना जाता है।





