महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब सुनेत्रा पवार ने राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद सुनेत्रा पवार को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लोकभवन में हुआ शपथ ग्रहण समारोह
मुंबई के लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने सुनेत्रा पवार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत गठबंधन के कई बड़े नेता मौजूद रहे। शपथ के दौरान परिसर ‘अजित दादा अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं
सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा ”महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल शुरू करने वाली सुनेत्रा पवार जी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि वे राज्य की जनता के कल्याण के लिए अथक परिश्रम करेंगी और दिवंगत अजित दादा पवार के सपनों को आगे ले जाएंगी।”
अजित दादा को दी श्रद्धांजलि
शपथ ग्रहण से पहले सुनेत्रा पवार ने अपने सरकारी आवास ‘देवगिरी’ बंगले पर दिवंगत पति अजित पवार को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि वे ‘अजित दादा’ के विकास कार्यों और उनकी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
शोक के बीच नई जिम्मेदारी
28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार के निधन ने पूरे देश को झकझोर दिया था। पार्टी में पैदा हुए नेतृत्व के सकंट और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को देखते हुए NCP के वरिष्ठ नेताओं ने सर्वसम्मति से सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव रखा। निजी दुख को पीछे छोड़ते हुए और अपने पति के सपनों को आगे बढ़ाने के लिए सुनेत्रा पवार ने यह बड़ी जिम्मेदारी स्वीकार किया।





