महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में शुक्रवार को उस समय सियासी हलचल तेज हो गई, जब कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत उर्फ गुड्डू भैया ने बीच रास्ते रुकवा दिया। घटना रामश्री महाविद्यालय के पास की बताई जा रही है, जहां मंत्री एक कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ‘युवा उद्घोष कार्यक्रम’ में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान विधायक बृजभूषण राजपूत अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की खराब सड़कों के मुद्दे को लेकर नाराजगी जताते हुए काफिला रोक दिया।
सड़क मरम्मत को लेकर जताया विरोध
विधायक का आरोप है कि जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन डालने के लिए कई गांवों की सड़कों को खोदा गया, लेकिन बाद में उनकी सही तरीके से मरम्मत नहीं कराई गई। इससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी शिकायत को लेकर विधायक ने मंत्री से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
समर्थकों और पुलिस के बीच नोकझोंक
काफिला रुकने के दौरान विधायक समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन कुछ समय के लिए धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंत्री और विधायक के बीच भी कहासुनी हुई।
हालांकि बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई और मंत्री का काफिला आगे रवाना हो सका।
दो बार के विधायक हैं बृजभूषण राजपूत
बृजभूषण राजपूत उर्फ गुड्डू भैया महोबा जिले की चरखारी विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक हैं और वे दो बार चुनाव जीत चुके हैं।





