

फाइनल मुकाबले में कुआकोंडा (ए) बनी विजेता, पुलिस लाइन रही उपविजेता |
नितेश मार्क–
दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में अमर शहीदों की स्मृति में दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत आयोजित शौर्य स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का आज ग्यारहवें दिन भव्य फाइनल मुकाबले के साथ सफल समापन हुआ।
यह आयोजन शहीद हुए जवानों के सम्मान एवं जन–पुलिस सहभागिता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल रहा।
टूर्नामेंट के ग्यारहवें दिन का शुभारंभ माननीय विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अट्टामी, उप पुलिस महानिरीक्षक कमलोचन कश्यप , कलेक्टर दंतेवाड़ा देवेश कुमार ध्रुव तथा पुलिस अधीक्षक गौरव राय की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन, नगर पुलिस अधीक्षक नसरूल्ला सिद्दकी, उप पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुंभकार, रक्षित निरीक्षक सुशील नौटियाल, सिटी कोतवाली निरीक्षक धनंजय सिन्हा, निरीक्षक विजय पटेल, निरीक्षक चंद्रशेखर श्रीवास सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, क्रिकेट प्रेमी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
सद्भावना मैच में पुलिस प्रशासन की शानदार जीत
दिन का पहला मुकाबला पुलिस प्रशासन एवं पी.टी.आई. इलेवन के मध्य सद्भावना मैच के रूप में खेला गया। पुलिस प्रशासन की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।
पी.टी.आई. इलेवन की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 79 रन का लक्ष्य निर्धारित किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए पुलिस प्रशासन की टीम ने 8.2 ओवर में 81 रन बनाकर 04 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
इस मुकाबले में सतेंद्र ठाकुर को उत्कृष्ट प्रदर्शन (21 रन) के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
फाइनल मुकाबला: कुआकोंडा (ए) ने रचा इतिहास
दिन का अंतिम एवं फाइनल मुकाबला कुआकोंडा (ए) एवं पुलिस लाइन के मध्य खेला गया। पुलिस लाइन की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।
बल्लेबाजी करते हुए कुआकोंडा (ए) की टीम 11.5 ओवर में ऑलआउट होकर 138 रन बनाने में सफल रही।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पुलिस लाइन की टीम 12 ओवर में 93 रन ही बना सकी। इस प्रकार कुआकोंडा (ए) की टीम ने 44 रनों से फाइनल मुकाबला जीतकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
इस रोमांचक फाइनल में अभिषेक राठौर ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 45 रन बनाए एवं 03 विकेट लिए, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
व्यक्तिगत पुरस्कार एवं सम्मान
बेस्ट बॉलर: दिनेश नाग (कुआकोंडा ए) – पूरे टूर्नामेंट में 11 विकेट
बेस्ट बैट्समैन: गौरव बघेल (पुलिस लाइन) – पूरे टूर्नामेंट में 115 रन
मैन ऑफ द सीरीज: अभिषेक राठौर (कुआकोंडा ए) – 115 रन एवं 07 विकेट
पुरस्कार वितरण
उपविजेता: पुलिस लाइन – ट्रॉफी एवं ₹50,000/- नगद पुरस्कार
विजेता: कुआकोंडा (ए) – विजेता ट्रॉफी एवं ₹75,000/- नगद पुरस्कार
शौर्य स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का यह आयोजन न केवल खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण रहा, बल्कि शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ–साथ पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग को भी नई मजबूती प्रदान करने वाला सिद्ध हुआ।




