


मतदान से मजबूत होगा लोकतंत्र: राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर नए मतदाताओं का सम्मान, बीएलओ को प्रशस्ति पत्र |
नितेश मार्क—
दंतेवाड़ा, 25 जनवरी 2026।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां नए युवा मतदाताओं को निर्वाचन फोटो पहचान पत्र (ईपिक) प्रदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक गौरव रॉय ने लोकतंत्र की मजबूती में मताधिकार की अहम भूमिका को रेखांकित करते हुए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नए मतदाताओं को मतदान की शपथ दिलाई।
पुलिस अधीक्षक रॉय ने कहा कि भारतीय संविधान में मतदाता को प्रदत्त मताधिकार लोकतांत्रिक शासन की सबसे बड़ी शक्ति है।
विधायिका के निर्वाचन में मतदाता की भूमिका निर्णायक होती है, और वर्तमान दौर में युवा मतदाताओं की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने युवाओं से निष्पक्ष, निर्भीक और सजग होकर प्रत्येक निर्वाचन में मतदान करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि विगत निर्वाचन में क्षेत्र का मतदान प्रतिशत बढ़ा है, जिसका श्रेय युवाओं को जाता है—आदिवासी बहुल क्षेत्र में यह उपलब्धि विशेष महत्व रखती है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और इसे अक्षुण्ण बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
नए मतदाताओं के कंधों पर लोकतंत्र को सशक्त बनाने की बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे वे नियमित मतदान के माध्यम से निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान नए मतदाताओं को ईपिक कार्ड प्रदान कर पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।
साथ ही निर्वाचन संबंधी उत्कृष्ट दायित्व निर्वहन करने वाले बीएलओ एवं लिपिक वर्ग को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नए युवा मतदाता उपस्थित रहे।




