देश

असम में बड़ा रेल हादसा: राजधानी एक्सप्रेस से टकराए हाथी, 8 की मौत, इंजन सहित 5 डिब्बे बेपटरी

असम के होजाई जिला में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक रेल हादसा हुआ। सायरंग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के एक झुंड से टकरा गई, जिससे आठ हाथियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेन का इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।

रेलवे के अनुसार, यह दुर्घटना रात करीब 2:17 बजे हुई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) के प्रवक्ता ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरे कोचों में शिफ्ट कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह घटना होजाई जिले के चांगजुराई इलाके में हुई, जो किसी अधिसूचित हाथी कॉरिडोर में शामिल नहीं है। नगांव के संभागीय वन अधिकारी सुहाश कदम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन कर रहे हैं।

हादसे के बाद जमुनामुख–कामपुर रेल खंड पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। फिलहाल ट्रेनों को अप लाइन से निकाला जा रहा है और ट्रैक बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। राजधानी एक्सप्रेस को आगे बढ़ाने से पहले यात्रियों के लिए गुवाहाटी पहुंचने पर अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे।

गौरतलब है कि यह राजधानी एक्सप्रेस मिजोरम के सायरंग को दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से जोड़ती है। लोको पायलट ने पटरियों पर हाथियों को देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाए, इसके बावजूद, हाथी ट्रेन से टकरा गए, जिससे टक्कर हुई और ट्रेन पटरी से उतर गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts