मनोरंजन

25 साल से बाहर डिनर नहीं, काम और सफर तक सिमटी सलमान खान की दुनिया

सलमान खान हाल ही में सऊदी अरब के जेद्दा में आयोजित रेड सी फिल्म फेस्टिवल में नजर आए, जहां उन्होंने अवॉर्ड प्रेजेंटर के साथ-साथ एक खास सेशन में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अपने करियर और निजी जिंदगी से जुड़े कई पहलुओं पर खुलकर बात की।

सलमान ने बताया कि समय के साथ उनकी जिंदगी काफी बदल गई है। अब उनकी दुनिया सिर्फ काम, यात्रा और कुछ गिने-चुने पुराने दोस्तों तक ही सीमित रह गई है। उन्होंने स्वीकार किया कि कई ऐसे लोग, जिन्हें वह कभी बहुत करीब मानते थे, अब उनकी जिंदगी का हिस्सा नहीं हैं।

एक्टर ने कहा कि उन्होंने अपना ज्यादातर समय परिवार और दोस्तों के साथ बिताया, लेकिन वक्त के साथ दायरा छोटा होता गया और अब सिर्फ 4–5 लोग ही उनके साथ हैं। उन्होंने यह भी साझा किया कि बीते 25–26 सालों से वह कहीं बाहर डिनर पर नहीं गए हैं। उनका रूटीन घर, शूटिंग, एयरपोर्ट और होटल तक ही सिमटा हुआ है।

हालांकि सलमान को अपनी इस लाइफस्टाइल से कोई पछतावा नहीं है। उनके मुताबिक, फैंस से मिलने वाला प्यार और सम्मान ही उन्हें लगातार मेहनत करने की प्रेरणा देता है। मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा कि यही इज्जत और मोहब्बत उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

गौरतलब है कि सलमान खान दूसरी बार रेड सी फिल्म फेस्टिवल में शामिल हुए हैं। इससे पहले वह गोल्डन ग्लोब्स गाला में भी नजर आ चुके हैं, जहां उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ मंच साझा किया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts