भिलाई स्टील प्लांट के पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन-2 (PBS-2) की गैस पाइपलाइन में शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह पाइपलाइन ब्लास्ट फर्नेस-8 (महामाया) को गैस सप्लाई करती है। घटना के बाद सप्लाई तुरंत रोक दी गई, लेकिन आग अभी तक पूरी तरह बुझ नहीं पाई है।
फायर ब्रिगेड और सेफ्टी टीम मौके पर जुटी हैं और विभिन्न तकनीकों से आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। राहत की बात है कि किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
आग के चलते ब्लास्ट फर्नेस-8 का उत्पादन धीरे-धीरे कम किया जा रहा है ताकि नुकसान को सीमित रखा जा सके। पाइपलाइन का स्ट्रक्चर सुरक्षित रहे, इसका भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
एहतियातन पूरे आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया गया है और कर्मचारियों की आवाजाही प्रतिबंधित है। बीएसपी प्रबंधन के अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।





