रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास पर आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान एक प्रेरणादायक पहल की। रायपुर जिले के अभनपुर निवासी दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी पिंटू राम साहू की मांग पर मुख्यमंत्री ने तुरंत निर्णय लेते हुए ₹90,000 का आर्थिक अनुदान स्वीकृत किया। यह राशि उन्हें व्हीलचेयर और खेल सामग्री खरीदने के लिए दी गई है।
पिंटू राम साहू पिछले चार वर्षों से रग्बी खेल से जुड़े हुए हैं। उन्होंने हाल ही में ग्वालियर में 2 अक्टूबर 2025 को आयोजित रग्बी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। वह वर्तमान में बी.ए. फाइनल ईयर के छात्र हैं और दिव्यांगता के बावजूद अपने खेल करियर को आगे बढ़ाने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री से सहायता मिलने पर पिंटू राम साहू ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सहयोग उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि अब वे और बेहतर प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।





