छत्तीसगढ़

बरछा गांव में तेंदुए का आतंक, खेत में काम कर रहे दो ग्रामीणों पर हमला, गंभीर रूप से घायल

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। वन मंडल मनेंद्रगढ़ के अंतर्गत जनकपुर वन परिक्षेत्र से दहशत फैलाने वाली घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत महदौली के ग्राम बरछा (मोहल्ला मैरटोला) में तेंदुए के हमले से दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।

खेत में काम के दौरान अचानक हमला

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5 बजे रामसरण बैगा (उम्र 42 वर्ष) अपने खेत में अरहर की फसल काट रहे थे। इसी दौरान खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उनके पैर को बुरी तरह घायल कर दिया।

रामसरण बैगा के शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से भागा, लेकिन पास ही गेहूं की कटाई कर रहे विजय सिंह (उम्र 45 वर्ष) पर भी झपट पड़ा। इस हमले में विजय सिंह के चेहरे और कंधे पर गंभीर चोटें आईं।

अस्पताल में भर्ती, इलाज जारी

घटना के बाद दोनों घायल किसी तरह जान बचाकर अपने घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

ग्रामीणों में आक्रोश, वन विभाग पर लापरवाही के आरोप

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि घटना के बाद भी न तो वन विभाग का कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही किसी प्रकार की तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई।

घायल रामसरण बैगा ने बताया:
“अरहर की कटाई कर रहा था, तभी अचानक तेंदुए ने पैर पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर वह भाग गया और दूसरे व्यक्ति पर हमला कर दिया। वन विभाग की ओर से अब तक कोई मदद नहीं मिली है- रामसरण बैगा, घायल”

वहीं घायल विजय सिंह ने कहा:
“गेहूं काट रहा था, तभी अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया और चेहरे को घायल कर दिया- विजय सिंह, घायल”

गांव में दहशत का माहौल

इस घटना के बाद पूरे बरछा गांव में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ खेतों और गांव के आसपास लगातार देखा जा रहा है, जिससे लोग खेतों में जाने से भी डर रहे हैं।

स्थानीय निवासी रामकरण सिंह ने बताया कि तेंदुआ बड़ा होने के बावजूद हमला करते समय शरीर सिकोड़ लेता है, जिससे उसे पहचानना मुश्किल हो जाता है। इसी कारण रामसरण पर अचानक हमला हुआ।

ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

डॉक्टरों की जानकारी

जनकपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉक्टर राजीव रमन के अनुसार दोनों घायलों को इमरजेंसी में लाया गया था। उन्होंने बताया कि दोनों मरीजों पर तेंदुए के नाखून से गंभीर चोटें आई हैं। दोनों का इलाज जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts