साउथ और बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री तमन्ना भाटिया मंगलवार तड़के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।
करीब सुबह 3 बजे मंदिर पहुंचीं तमन्ना भाटिया नंदी हॉल में बैठकर श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भस्म आरती में शामिल हुईं। माथे पर त्रिपुण्ड और चंदन लगाए अभिनेत्री पूरी तरह बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आईं। उन्होंने करीब दो घंटे तक आरती का दिव्य दृश्य देखा।
भस्म आरती के बाद तमन्ना भाटिया ने नंदी महाराज का पूजन और अभिषेक किया। इसके बाद चांदी द्वार से भगवान महाकाल को पुजारी के हाथों जल अर्पित कर आशीर्वाद लिया।
मीडिया से बातचीत में तमन्ना भाटिया ने कहा, “आज भगवान ने मुझे बुलाया था। बाबा महाकाल के बुलावे पर ही भक्त यहां आते हैं। यहां आकर बहुत अच्छा लगा। आज जो आरती देखने को मिली, उसे शब्दों में बयां नहीं कर सकती। आरती में शामिल होकर बहुत ऊर्जा मिलती है। सब लोग एक साथ बैठकर जिस तरह आरती देखते हैं, ऐसा दृश्य कहीं और देखने को नहीं मिलता।”
मंदिर परिसर में अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। वहीं, भस्म आरती के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी विशेष रूप से बढ़ाई गई थी।





