रायपुर। पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सुवेंदु अधिकारी अब राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। वह कल कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत NDA के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुवेंदु अधिकारी को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “हमें पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन एवं आपके सक्षम नेतृत्व में पश्चिम बंगाल अब तुष्टीकरण, भय और अराजकता की राजनीति से मुक्त होकर सुशासन, विकास एवं जनकल्याण की दिशा में नए आयाम स्थापित करेगा। आपका समृद्ध राजनीतिक अनुभव और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण बंगाल के समग्र विकास को नई गति प्रदान करेगा और राज्य को प्रगति के नए शिखर पर स्थापित करेगा।”
कोलकाता के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को नेता चुना गया। बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके नाम का ऐलान किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा, “1950 से जिस विचार को लेकर हम निकले, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार को लेकर निकले। आज उनकी ही पार्टी की सरकार बनी।”
उन्होंने कहा, “ममता के शासन में अपराधी राजनेता बन गए तो विकास की गुंजाइश ही नहीं रही। कुछ ही महीनों में ये सब खत्म हो जाएगा।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगे कहा कि, “भाजपा का वादा है कि बंगाल की जनता को कि न सिर्फ बंगाल, पूरे देश से हम एक-एक घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकालेंगे। ये ध्रुवीकरण का मुद्दा नहीं है। ये देश की सुरक्षा का मुद्दा है।”
उन्होंने आगे कहा, “बंकीम बाबू के परिवार से बहन सुनित्रा चटोपाध्याय हमारे साथ जुड़ी हैं। सबसे बड़ी बात ये है कि वंदे मातरम के 150वें साल में बंकीम बाबू की धरती पर हमें सरकार बनाने का मौका मिला।”





