मुंबई में आयोजित एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान साउथ की मशहूर अभिनेत्री साई पल्लवी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वह जल्द ही फिल्म ‘एक दिन की महफिल’ के जरिए बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं, जिसमें उनके साथ आमिर खान के बेटे जुनैद खान भी नजर आएंगे।
इवेंट के दौरान साई पल्लवी थोड़ी नर्वस नजर आईं और उन्होंने स्टेज पर बोलते हुए सबसे पहले अपनी हिंदी के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा, “मैं सभी को शुक्रिया अदा करती हूं, मुझे हिंदी ऐसा ही आता है.. आता है आती है..उसमें कुछ गड़बड़ होगा।”
साई पल्लवी ने यह भी बताया कि उन्होंने हिंदी में बोलने की कोई खास तैयारी नहीं की थी। अगर उन्हें पहले से पता होता कि उन्हें स्टेज पर बोलना पड़ेगा, तो वह थोड़ी तैयारी जरूर करके आतीं। इसके बाद उन्होंने फिल्म की पूरी टीम और क्रू की तारीफ करते हुए उन्हें इनक्रेडिबल बताया।
एक्ट्रेस ने अपने सफर को याद करते हुए कहा, “ये शाम बेहद खूबसूरत है। जब मैं पीछे मुड़कर देखती हूं इंडस्ट्री में अपनी जर्नी को तो मुझे नहीं पता कि मैंने क्या काम किया है. लेकिन, मुझे खुशी महसूस होती है, जो भी मैंने किया, उसकी वजह से मुझे बहुत सारे टैलेंटेड लोगों के साथ काम करने का मौका मिला।”
इवेंट में साई पल्लवी अपने सादगी भरे अंदाज में नजर आईं। वह नो-मेकअप लुक में बेहद एलिगेंट दिखीं। बता दें कि साई पल्लवी और जुनैद खान की फिल्म ‘एक दिन की महफिल’ 1 मई को रिलीज होने वाली है, जिसे आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया गया है।





