बिलासपुर। महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के परिवार का आज बिलासपुर दौरा खासा चर्चा में रहा। उनकी पत्नी डॉ. अंजलि तेंदुलकर और बेटी सारा तेंदुलकर अचानकमार टाइगर रिजर्व से लगे बम्हनी गांव पहुंचीं, जहां उन्होंने आदिवासी बैगा परिवार से मुलाकात की।
बम्हनी गांव पहुंचने के बाद सारा तेंदुलकर और डॉ. अंजलि तेंदुलकर ने बैगा परिवार के साथ काफी समय बिताया। इस दौरान दोनों ने काफी देर तक बैगा परिवार से कई विषयों पर बातचीत की और उनके परिवार के संबंध में जानकारी ली। गांव में उनके आगमन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
बैगा परिवार से मुलाकात के बाद तेंदुलकर परिवार गनियारी स्थित जन उपस्वास्थ्य केंद्र के वेलफेयर सेंटर भी पहुंचा। दोनों ने बम्हनी गांव में संचालित किए जा रहे फुलवारी केंद्र को भी देखा। इस दौरान सारा तेंदुलकर और डॉ. अंजलि तेंदुलकर ने वहां मौजूद लोगों से आदिवासी बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और उन्हें दिए जा रहे पोषण के बारे में विस्तार से चर्चा की।
जैसे ही बम्हनी गांव में उनके पहुंचने की खबर फैली, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उन्हें देखने और मिलने के लिए पहुंच गए। गांव में अचानक हलचल बढ़ गई और लोग तेंदुलकर परिवार की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए।
तेंदुलकर परिवार के इस दौरे को देखते हुए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे।





