रायपुर में एलपीजी गैस को लेकर परेशान छात्रों के लिए प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। अब जिले में रहने वाले विद्यार्थियों को 5 किलो का छोटा गैस सिलेंडर आसानी से उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए उन्हें केवल आधार कार्ड और निवास प्रमाण पत्र दिखाना होगा।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर कलेक्टरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस हॉल में अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने जिले के एलपीजी गैस वितरकों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में गैस आपूर्ति, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
अपर कलेक्टर राठौर ने कहा कि, “जिले में रहने वाले विद्यार्थियों को 5 किलो का छोटा गैस सिलेंडर एजेंसियों की तरफ से आधार कार्ड और निवास प्रमाण पत्र दिखाने पर उपलब्ध कराया जाएगा।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और नियमानुसार उपभोक्ताओं को वितरण किया जा रहा है।
उन्होंने वितरकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता है या डिलीवरी कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एम्स, मेकाहारा, वृद्धाश्रम और अनाथालय जैसे संस्थानों में गैस की आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बैठक में यह भी बताया गया कि शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद ही अगली गैस बुकिंग हो सकेगी। फिलहाल नए कनेक्शन और सिंगल-डबल कनेक्शन पर रोक लगा दी गई है।
इंडेन डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष और ऑल एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष विकास मरकाम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सभी को नियमों के अनुसार गैस सिलेंडर दिया जाएगा।





