छत्तीसगढ़

रायपुर समेत कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट, राजनांदगांव में पारा 44°C तक पहुंचा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी लगातार तेज होती जा रही है और लोगों को दिनभर गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं देखा गया, लेकिन मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक इसी तरह के हालात बने रहने की संभावना जताई है। इस दौरान राहत मिलने के आसार कम बताए जा रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में अगले दो दिनों तक ग्रीष्म लहर चल सकती है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। इस दौरान सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 21 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणीका उत्तर बिहार से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक झारखंड और अंदरूनी ओडिशा तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर तटीय उड़ीसा और उसके आसपास फैला हुआ है। वहीं एक प्रति चक्रवात अंदरुनी महाराष्ट्र और उससे लगे तेलंगाना के ऊपर विस्तारित है। इन मौसम प्रणालियों के कारण प्रदेश में 18 अप्रैल को मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने के आसार नहीं है। मध्य भाग में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बने रहने की संभावना है। इसके अलावा बस्तर संभाग के दक्षिणी हिस्से में गरज-चमक की स्थिति संभावित है।

राजधानी रायपुर में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts