रायपुर। राजधानी के वीआईपी रोड स्थित ‘फर्जी कैफे’ में देर रात चल रही पार्टी पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सख्ती दिखाई है। सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेड की, डीजे सिस्टम जब्त किया और कोलाहल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। साथ ही कैफे का लाइसेंस निरस्त करने के लिए कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजा गया है।
सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस
तकरीबन रात 12:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि वीआईपी रोड स्थित बेबीलॉन इंटरनेशन के ‘फर्जी कैफे’ में तेज आवाज में डीजे बजाकर पार्टी की जा रही है। इस पर सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस टीम रात करीब 1:15 बजे कैफे पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कैफे के अंदर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद थे और तेज आवाज में डीजे के साथ शराब पार्टी चल रही थी।
कोर्ट में पेश होगा मामला
पुलिस ने मौके से डीजे सिस्टम जब्त कर लिया और कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की। इस मामले में सोमवार को कोर्ट में इस्तगासा भी पेश किया गया है।
लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू
एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि कैफे ने नियमों का उल्लंघन किया है। देर रात तक बिना अनुमति पार्टी करना और तेज ध्वनि में डीजे बजाना नियमों के खिलाफ है। इसी को लेकर कलेक्टर को कैफे का लाइसेंस निरस्त करने के लिए प्रतिवेदन भेजा गया है।
आगे भी होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस ने साफ कर दिया है कि शहर में लेटनाइट पार्टी, ध्वनि प्रदूषण और अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। नियम तोड़ने वाले क्लब और कैफे के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य क्लब संचालकों में भी हलचल है और प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





