देशब्रेकिंग

संसद गेट पर अचानक बजा सायरन, CISF अलर्ट; जांच में सामने आई ये वजह

संसद भवन परिसर में सोमवार को उस समय हलचल मच गई जब अचानक सायरन बजने लगा। सायरन की आवाज सुनते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और कुछ देर के लिए वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक तेज हवा के कारण संसद परिसर में लगा बूम बैरियर हिल गया था। जिससे उससे जुड़े सेंसर सक्रिय हो गए और स्वचालित सुरक्षा अलार्म बजने लगा। अलार्म बजते ही CISF की क्विक रिएक्शन टीम (QRT) मौके पर तैनात कर दी गई और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए।

सुरक्षा के मद्देनजर जवानों ने संसद के प्रवेश द्वारों पर मोर्चा संभाल लिया और आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या वाहन को परिसर में प्रवेश न मिले।

घटना की सूचना मिलते ही CISF के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। प्रारंभिक जांच में किसी भी तरह के सुरक्षा खतरे के संकेत नहीं मिले। अधिकारियों के अनुसार तेज हवा की वजह से बूम बैरियर हिलने से सेंसर एक्टिव हुआ जिससे ऑटोमेटेड सुरक्षा प्रणाली ने अलर्ट जारी कर दिया।

स्थिति स्पष्ट होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर को सुरक्षित घोषित कर दिया और कुछ समय के लिए रोकी गई वाहनों की आवाजाही को फिर से सामान्य कर दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts