मध्य प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सीहोर में ईंधन के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बीते 11 दिनों में चार बार कीमतों में इजाफा होने से आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
तेल कंपनियों की हालिया बढ़ोतरी के बाद सीहोर में पेट्रोल की कीमत 114 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गई है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 11 दिनों में पेट्रोल 2.61 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ है, जबकि डीजल के दाम में 2.71 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और घरेलू स्तर पर लगने वाले टैक्स इस बढ़ोतरी की बड़ी वजह हैं। तेल कंपनियां रोजाना समीक्षा के आधार पर कीमतों में बदलाव कर रही हैं, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है।
सीहोर और आसपास के इलाकों में नौकरीपेशा, किसान और मध्यमवर्गीय परिवार इस बढ़ोतरी से खासे परेशान हैं। लोगों का कहना है कि ईंधन महंगा होने से रोजमर्रा का सफर खर्चीला हो गया है। साथ ही मालभाड़ा बढ़ने से सब्जियों, राशन और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका है।
ग्रामीण इलाकों के किसानों ने भी चिंता जताई है। किसानों का कहना है कि डीजल महंगा होने से खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे उनका मुनाफा कम होता जा रहा है। लोगों ने सरकार से टैक्स में राहत देकर कीमतें कम करने की मांग की है।





