महासमुंद। छत्तीसगढ़ में नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में महासमुंद पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 281.900 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये आंकी गई है।
इस मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, सभी महाराष्ट्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
दो लग्जरी कारों में हो रही थी तस्करी
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की। पुलिस को पता चला था कि ओडिशा से गांजा तस्कर गांजा लेकर आ रहे हैं।
सूचना के बाद पुलिस ने सिंघोड़ा इलाके में एनएच-53 के रेहटीखोल में नाकाबंदी की। इस दौरान दो लग्जरी कारों को रोका गया, जिनमें गांजे की तस्करी की जा रही थी। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा से पुणे ले जाया जा रहा था गांजा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजे को ये लोग ओडिशा के फुलवानी से महाराष्ट्र के पुणे लेकर जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
पांचों आरोपी गिरफ्तार
दोनों वाहनों में कुल पांच लोग सवार थे। पूछताछ के दौरान सभी ने गांजा तस्करी की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—
प्रशांत शंकर गोले
क्षितिज वीरसेन जाधव
अक्षय नंदकुमार निगम
अभिषेक डेविड जगले
महेश काटकर
कोर्ट में पेश, न्यायिक रिमांड
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पूरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने की है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि नशे के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।





