मध्यप्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चल रहे एलपीजी संकट के बीच अब हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं। ऑयल कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई फिर से शुरू कर दी है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को राहत मिलने लगी है।
जानकारी के अनुसार रविवार को भोपाल में करीब 14 हजार घरेलू गैस सिलेंडरों की बुकिंग दर्ज की गई, जबकि एक दिन पहले ही लगभग 11 हजार सिलेंडरों की डिलीवरी की गई थी। इसी तरह इंदैर, ग्वालियर और अन्य बड़े शहरों में भी गैस सप्लाई की स्थिति में सुधार देखने को मिल रहा है।
राज्य सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मंत्रिमंडल की समिति लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रही है। घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए सप्लाई व्यवस्था को सुचारू बनाया जा रहा है, लेकिन अब कमर्शियल जरूरतों को भी ध्यान में रखते हुए सप्लाई बहाल की गई है।
इस संकट का असर पिछले हफ्ते से होटल-रेस्टोरेंट व्यवसाय पर गहरा पड़ा था। कई जगहों पर इंडक्शन या लकड़ी के चूल्हों का सहारा लेना पड़ा। अब सप्लाई शुरू होने से करीब 50 हजार से अधिक व्यावसायिक संस्थानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की डिलीवरी को तेज किया जा रहा है और साथ ही कालाबाजारी पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि घबराहट में अतिरिक्त बुकिंग न करें और जरूरत के अनुसार ही सिलेंडर बुक करें।





