छत्तीसगढ़

गरियाबंद में ओलावृष्टि से बदला मौसम, नेशनल हाईवे सफेद चादर में ढंका

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में इन दिनों भीषण गर्मी का असर बना हुआ है, लेकिन इसी बीच गरियाबंद जिले में मौसम ने अचानक करवट ली और जोरदार ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई। जिले के इंदागांव, उदंती और जुगाड़ इलाकों में तेज बारिश के साथ बड़े-बड़े ओले गिरे, जिससे मौसम एकदम बदल गया।

ओलावृष्टि का असर इतना ज्यादा था कि नेशनल हाईवे 130C पर इंदागांव से जुगाड़ तक का पूरा रास्ता सफेद नजर आने लगा। सड़क पर गिरे ओलों ने पूरे इलाके को मानो बर्फ की चादर से ढक दिया हो।

तेज गर्मी से परेशान लोगों को इस बारिश और ओलावृष्टि से काफी राहत मिली है। इससे पहले भी इन क्षेत्रों में बारिश हुई थी और अब लगातार दूसरे दिन मौसम में बदलाव देखने को मिला है। बारिश के बाद वातावरण सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

हालांकि मौसम के इस बदलाव के साथ कुछ चिंताएं भी सामने आई हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अचानक मौसम परिवर्तन के कारण मौसमी बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है। मवेशियों को चोट लगने का भी खतरा होता है। इसके अलावा बागवानी की फसलों को भी नुकसान होता है।

ओलावृष्टि का असर तेंदूपत्ता पर भी पड़ा है, जिसे ‘हरा सोना’ कहा जाता है। भारी बारिश और ओलों के कारण इसकी फसल को नुकसान पहुंचा है। साथ ही ओलावृष्टि से आम के छोटे फल टूटकर गिर जाते हैं, जिससे किसानों को नुकसान होता है।

फिलहाल स्थानीय लोगों ने इस अचानक बदले मौसम का आनंद लिया और भीषण गर्मी के बीच मिली राहत का स्वागत किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts