दुर्ग। जिले में रिश्वतखोरी के मामले में प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम ने आरोपी पटवारी को निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि पटवारी का रिश्वत लेते हुए वीडियो सामने आया था, जिसकी जांच के बाद यह कार्रवाई की गई। मामला भूमि बंटवारे के एवज में पैसे लेने से जुड़ा है।
एसडीएम के आदेश में क्या?
भिलाई-3 के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने तहसील कार्यालय में पदस्थ पटवारी लेकेश्वर सिंह ठोकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आदेश में कहा गया है कि कर्मचारी पर कर्तव्य निर्वहन में गंभीर लापरवाही और आचरण नियमों के उल्लंघन के आरोप पाए गए हैं। निलंबन अवधि के दौरान संबंधित पटवारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय अहिवारा निर्धारित किया गया है। नियमानुसार पटवारी को जीवन निर्वाह भत्ता भी दिया जाएगा।
किसलिए हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें राजस्व विभाग से जुड़े कर्मचारी पर पैसे लेने के आरोप लगाए गए थे। वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत जांच के निर्देश दिए और तहसील स्तर पर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
जांच के दौरान भूमिस्वामी, पक्षकार और हल्का पटवारी के बयान दर्ज किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पटवारी भूमि बंटवारे की प्रक्रिया के बदले कथित रूप से 45 हजार रुपए की राशि लेकर भी काम नहीं कर रहा था। इसके बाद पीड़ित ने पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।





