रायपुर: भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विधिवत ध्वजारोहण किया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूत विचारधारा और संगठन की शक्ति ही उसे निरंतर आगे बढ़ा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद छत्तीसगढ़ पर हमेशा बना रहे। उन्होंने यह भी कहा कि जिस कल्पना और दृष्टि के साथ अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया था, उनकी सरकार उसी दिशा में काम करते हुए उनके सपनों को पूरा करने का प्रयास करेगी।
अमित जोगी मामले पर प्रतिक्रिया
अमित जोगी को आजीवन कारावास की सजा पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री साय ने हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा, “देर आए, दुरुस्त आए।”
उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में अमित जोगी मुख्य आरोपी रहे हैं और न्यायालय का निर्णय उचित है।
पश्चिम बंगाल चुनाव पर बयान
पश्चिम बंगाल के आगामी चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में वे वहां से होकर आए हैं और वहां की जनता में ममता बनर्जी के खिलाफ भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच रहा है और महिलाओं को पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिल रही है।
मुख्यमंत्री साय ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के पक्ष में माहौल बन चुका है और बदलाव की लहर चल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में भाजपा की सरकार बनेगी।





