रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले तीन दिनों से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है। इस दौरान बारिश, गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव दर्ज नहीं हुआ है। आने वाले दो दिनों तक तापमान लगभग स्थिर रहने की संभावना है, लेकिन इसके बाद अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम का हाल
सोमवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ। बारिश की बात करें तो कापू और पेंड्रा रोड में 2-2 सेमी वर्षा हुई, जबकि पसान, कुनकुरी, तमनार, कोरबा और खड़गांव में 1-1 सेमी बारिश दर्ज की गई।
सिस्टम एक्टिव
मौसम में बदलाव के पीछे दो चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं।
उत्तरपूर्वी विदर्भ और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
ओडिशा और आसपास के इलाकों में भी समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण स्थित है।
आज का मौसम
आज प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
आने वाले दिन
अगले दो दिनों तक भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
रायपुर का हाल
राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने की संभावना है।





