छत्तीसगढ़

बिलासपुर में बदला मौसम, आंधी-तूफान और बारिश से मिली राहत, तापमान में गिरावट

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में शनिवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से शहरवासी तेज धूप और गर्मी से परेशान थे, लेकिन शनिवार दोपहर अचानक बादल छा गए और शहर के अधिकांश हिस्सों में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। आंधी-तूफान के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही।

मौसम विभाग ने पहले ही अगले चार दिनों तक प्रदेश के विभिन्न संभागों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई थी। साथ ही कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई थी।

बीते शुक्रवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। उस दिन अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस के साथ दुर्ग सबसे गर्म रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस के साथ अंबिकापुर सबसे ठंडा दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा के अनुसार—
“एक पश्चिमी विक्षोभ कश्मीर और उसके आसपास मौजूद है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पूर्व उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश से उत्तर अंदरूनी उड़ीसा तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के कारण छत्तीसगढ़ के एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वहीं कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ अंधड़ और वज्रपात होने के आसार हैं।”

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts