रायपुर। आम आदमी पार्टी के नेताओं को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि AAP के नेता अपनी “ओरिजनल पार्टी” में वापस जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अब सबकी नजर इस बात पर है कि अरविंद केजरीवाल कब भाजपा का रुख करते हैं।
बता दें कि, राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सांसदों ने भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली है। मीडिया से बातचीत में भूपेश बघेल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की शुरुआत ऐसे लोगों के साथ हुई थी, जिनका झुकाव पहले से ही एक खास विचारधारा की ओर रहा है।
विवेकानंद फाउंडेशन का जिक्र
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल उन लोगों के साथ जुड़े रहे हैं, जो विवेकानंद फाउंडेशन जैसे संस्थानों से जुड़े थे। जहां बाबा रामदेव समेत कई अन्य लोग भी सक्रिय रहे। उन्होंने कहा कि इसी प्लेटफॉर्म से एक आंदोलन शुरू हुआ था, जिससे आगे चलकर आम आदमी पार्टी का गठन हुआ।
“बी टीम” की राजनीति का आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच वैचारिक समानता का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों में कोई बड़ा अंतर नहीं है। उन्होंने कहा कि जो नेता आज भाजपा में जा रहे हैं, वे किसी नई दिशा में नहीं बढ़ रहे, बल्कि वहीं लौट रहे हैं, जहां से उनकी सोच की शुरुआत हुई थी।
भूपेश बघेल ने इसे “बी टीम” की राजनीति बताते हुए कहा कि यह घटनाक्रम चौंकाने वाला नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में और भी बड़े राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकते हैं। अब सिर्फ यही देखना बाकी है कि केजरीवाल खुद कब भाजपा में शामिल होते हैं।
हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक आम आदमी पार्टी या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के इस बयान ने सियासी माहौल को जरूर गरमा दिया है।





