रायपुर। राजधानी रायपुर में फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग के अवसर पर 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान मानव सेवा और साहस का परिचय देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया गया। जोरा स्थित एक मॉल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिल्म की टीम को शुभकामनाएं दीं और ऐसे लोगों के योगदान को याद किया जिन्होंने संकट की घड़ी में दूसरों की जान बचाने के लिए खुद की परवाह नहीं की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 2008 के आतंकी हमले के दौरान अस्पतालों में कार्यरत नर्सों, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने असाधारण साहस दिखाते हुए सैकड़ों लोगों की जान बचाई थी। बावजूद इसके, उनके योगदान को वह पहचान नहीं मिल सकी जिसके वे हकदार थे। यह फिल्म उन्हीं अनसुने नायकों को समर्पित है।
कार्यक्रम में अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया का छत्तीसगढ़ से जुड़ाव है और उनकी इच्छा थी कि फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग उनके गृहप्रदेश में आयोजित की जाए। उन्होंने आयोजन में शामिल होने और फिल्म टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आपातकालीन परिस्थितियों में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों और सेवा क्षेत्र से जुड़े कई लोगों को ‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कलाकारों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और बड़ी संख्या में दर्शकों ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी फिल्में समाज के उन चेहरों को पहचान दिलाने का काम करती हैं, जो बिना किसी प्रचार के मानव सेवा में अपना योगदान देते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘भारत भाग्य विधाता’ दर्शकों को प्रेरित करने के साथ-साथ सेवा और समर्पण की भावना को भी मजबूत करेगी।





