बालोद। जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। खैरडीह गांव के पास कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान तरुण कुमार यादव पिता मिनेन्द्र यादव (20 वर्ष), राहुल सेवता पिता सावंत सेवता (20 वर्ष) दोनों सीर्राभाठा निवासी और नरेंद्र भुआर्य पिता पुरषोत्तम भुआर्य (21 वर्ष) ग्राम मुड़खुसरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार दल्लीराजहरा से राजनांदगांव की ओर जा रही थी, जबकि बाइक सवार देवरी से डौंडीलोहारा की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान खैरडीह गांव के पास दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भिजवाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





