मनोरंजन

‘अल्फा’ का टीजर रिलीज, आलिया भट्ट बनीं दमदार जासूस, बॉबी देओल संग दिखा भावनात्मक रिश्ता

मुंबई। यशराज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अल्फा’ का टीजर जारी कर दिया गया है। वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की इस नई फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, जबकि बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है और इसका निर्माण आदित्य चोपड़ा के बैनर तले किया गया है। यह फिल्म 3 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

करीब दो मिनट के टीजर में एक ऐसी युवती की कहानी दिखाई गई है, जिसे बचपन से ही एक कुशल जासूस बनने के लिए तैयार किया जाता है। टीजर की शुरुआत पिता और बेटी के भावुक रिश्ते से होती है। बॉबी देओल का किरदार आलिया के 18वें जन्मदिन पर उसे एक चाबी उपहार में देता है, लेकिन बाद में पता चलता है कि यह चाबी उसके पहले मिशन की शुरुआत है।

टीजर में आगे एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की झलक दिखाई गई है, जहां देश की अगली पीढ़ी के जासूसों को तैयार किया जाता है। बॉबी देओल का किरदार आलिया को एक निडर और सक्षम एजेंट के रूप में प्रशिक्षित करता नजर आता है। एक भावुक दृश्य में वह आलिया की बांह पर अल्फा संगठन का प्रतीक चिन्ह भी अंकित करता दिखाई देता है।

फिल्म के एक्शन दृश्य इसकी सबसे बड़ी खासियत माने जा रहे हैं। आलिया भट्ट को खतरनाक मिशनों, हाथापाई की लड़ाइयों और सामरिक अभियानों में शानदार अंदाज में दिखाया गया है। टीजर के अंत में एक भावुक दृश्य भी है, जिसमें बॉबी देओल अपनी बेटी को पहला मिशन सफलतापूर्वक पूरा करते देख गर्व महसूस करते हैं।

यह फिल्म वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-केंद्रित जासूसी फिल्म है। इससे पहले आलिया भट्ट ने कहा था कि उन्हें यह प्रोजेक्ट इसलिए पसंद आया क्योंकि इससे उन्हें ऐसे जॉनर में काम करने का अवसर मिला, जहां महिला प्रधान एक्शन फिल्मों की संख्या काफी कम है।

गौरतलब है कि ‘अल्फा’ वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म है। इस यूनिवर्स की शुरुआत ‘एक था टाइगर’ से हुई थी। इसके बाद ‘टाइगर जिंदा है’, ‘वॉर’, ‘पठान’, ‘टाइगर 3’ और ‘वॉर 2’ जैसी फिल्में इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बन चुकी हैं। ‘अल्फा’ के जरिए दर्शकों को स्पाई यूनिवर्स की एक नई और अलग कहानी देखने को मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts