देश

फार्म हाउस, कई बहुम‍ंजिला मकान और… विजिलेंस ने खोज निकाली ₹5000 से नौकरी शुरू करने वाले इंजीनियर की पूरी कुंडली

ओडिशा में एक सरकारी इंजीनियर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस डिपार्टमेंट की कार्रवाई से हड़कंप मच गया है. 22 अक्‍टूबर को विज‍िलेंस की अलग-अलग टीमों ने इंजीनियर के 7 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. इस दौरान तीन बहुमंजिला इमारतें, एक फार्महाउस, तीन महंगे प्लॉट और 550 ग्राम सोना मिलने का पता चला है. इसके अलावा दो कार, दो मोटरसाइकिल और एक बैंक लॉकर भी मिला है. अब विजिलेंस के अधिकारियों की नजर बैंक लॉकर और दूसरे वित्तीय निवेशों पर है. यह मामला ओडिशा के सड़क एवं भवन विभाग में तैनात सहायक कार्यकारी अभियंता तपन सेठी से जुड़ा है. उनके खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों के बाद यह कार्रवाई की गई है.

चार जिलों में 7 ठिकानों पर छापेमारी

  • वरिष्‍ठ अधिकारी के अनुसार, 22 अक्‍टूबर को ओडिशा विजिलेंस डिपार्टमेंट की टीम ने कटक, भुवनेश्वर, पुरी और जाजपुर जिले के बड़चना में कुल 7 जगहों पर तलाशी ली. इन ठिकानों पर टीमों ने संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों सहित कई अहम जानकारियां‍ मिली हैं.
  • तलाशी के दौरान भुवनेश्वर, पुरी और कटक में तीन बहुमंजिला इमारतों का पता चला है. इसके अलावा, कटक में एक फार्महाउस और भुवनेश्वर व कटक में तीन महंगे भूखंड मिले हैं.
  • अधिकारियों के अनुसार, तलाशी में 550 ग्राम सोना भी मिला है. इसके साथ ही दो कार और दो मोटरसाइकिल का भी पता चला. एक बैंक लॉकर भी मिला है, जिसे अभी खोला जाना बाकी है.
  • विजिलेंस डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने बताया कि इंजीनियर के अन्य वित्तीय निवेशों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है. तलाशी की प्रक्रिया जारी है.

5 हजार रुपये थी पहली सैलरी

तपन सेठी वर्ष 1997 में ओडिशा सरकार की सेवा में शामिल हुए थे. उस समय उन्होंने कनिष्ठ अभियंता (सिविल) के तौर पर नौकरी शुरू की थी और उनका शुरुआती मासिक वेतन 5000 रुपये था. इसके बाद वर्ष 2018 में उन्हें सहायक अभियंता के पद पर प्रमोशन मिला. साल 2022 में वह सहायक कार्यकारी अभियंता बने. फिलहाल वह जाजपुर जिले के बड़चना अनुमंडल में सड़क एवं भवन विभाग में तैनात हैं.

Related Posts