छुरिया। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय, छुरिया में शाला प्रवेशोत्सव उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय थे। कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, जनपद पंचायत अध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, नगर पंचायत अध्यक्ष अजय पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रिका प्रसाद डड़सेना, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष (अनुसूचित जनजाति मोर्चा) एम.डी. ठाकुर, पूर्व जिला महामंत्री रविन्द्र वैष्णव, जिला भाजपा उपाध्यक्ष जगजीत सिंह भाटिया, मंडल अध्यक्ष कांता प्रसाद साहू, जिला भाजपा सदस्य सुरेंद्र सिंह भाटिया, भाजपा महामंत्री शेखर भारद्वाज, अशोक कुमार, समाजसेवी मनभावन सिंह उइके सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिलों का वितरण किया गया तथा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
अपने संबोधन में सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन हो रहे हैं। नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में मेडिकल कॉलेजों सहित शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए संस्थानों का विस्तार हुआ है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और लगन के साथ अध्ययन कर अपने परिवार, क्षेत्र और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने तथा अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव ने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन का भी पालन करने की प्रेरणा दी।
शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विद्यालय के विकास में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।
विद्यालय के प्राचार्य योगेश साहू ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय, छुरिया ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए हैं। 12वीं कक्षा में वंशिका साहू ने 96.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं खुशबू साहू (88.80%), खुशी साहू (88.20%), गायत्री निर्मलकर (87.60%) एवं ममता नेताम (85.20%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 10वीं बोर्ड परीक्षा में भावना नेताम ने 94.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि देव्यानी सिन्हा (93%) एवं हर्ष साहू (93%) सहित अनेक विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किए। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण एवं अभिभावकों के सहयोग को दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन दाऊद हसन एवं मृदुल पाठक ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं शाला प्रबंधन समिति का सराहनीय योगदान रहा। अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।




