मनी

अब फटाफट बुक हो जाएगी आपकी तत्काल टिकट, रेलवे ने 5 गुना बढ़ाई क्षमता, दलालों पर भी लगेगी लगाम

अगर आप भी तत्काल टिकट बुक करते समय आईआरसीटीसी (IRCTC) ऐप के स्लो होने से परेशान रहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. भारतीय रेलवे अपने टिकट बुकिंग सिस्टम (PRS) को बदलने जा रहा है. इस नए बदलाव के बाद रेलवे का सिस्टम एक मिनट में 1.25 लाख टिकट बुक कर सकेगा. यह नया सिस्टम ऑनलाइन टिकट बुकिंग का पूरा अनुभव बदल देगा. अभी रेलवे का सिस्टम एक मिनट में केवल 25 हजार टिकट ही बुक कर पाता है. नया सिस्टम आने के बाद टिकट बुकिंग की स्पीड पांच गुना बढ़ जाएगी. रेल मंत्रालय की तकनीकी शाखा ‘क्रिस’ (CRIS) ने अपने 41वें स्थापना दिवस पर यह जानकारी दी है. अधिकारियों के मुताबिक इससे त्योहारों के समय टिकट बुक करना बहुत आसान हो जाएगा.
इस नए सिस्टम का सबसे बड़ा फायदा आम यात्रियों को मिलेगा. रोज़ सुबह 10 और 11 बजे तत्काल टिकट बुक करते समय सर्वर पर बहुत लोड रहता है. इस वजह से अक्सर ऐप हैंग हो जाता है या यूजर लॉग-आउट हो जाता है. रेलवे का मानना है कि नया सिस्टम इस भारी लोड को आसानी से संभाल लेगा. इससे यात्रियों को बिना किसी रुकावट के टिकट मिल सकेगा.

सुपरऐप ‘RailOne’ और AI पर फोकस
रेलवे अब अपने नए सुपरऐप ‘रेलवन’ (RailOne) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर भी काम कर रहा है. क्रिस के प्रबंध निदेशक जीवीएल सत्य कुमार ने बताया कि रेलवन ऐप को लोग बहुत पसंद कर रहे हैं. अब एआई की मदद से यात्रियों को उनकी पसंद के हिसाब से बेहतर सेवाएं दी जाएंगी. साथ ही साइबर सुरक्षा को भी मजबूत किया जा रहा है. इस नए अपग्रेड से टिकट दलालों के अवैध सॉफ्टवेयर पर भी लगाम लगेगी. त्योहारों के दिनों में होने वाली भारी भीड़ को भी यह सिस्टम आराम से संभाल लेगा. आने वाले कुछ महीनों में यह नया सिस्टम पूरी तरह चालू हो जाएगा. इसके बाद आम जनता को ऑनलाइन टिकट बुकिंग की माथापच्ची से हमेशा के लिए राहत मिल जाएगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts