छत्तीसगढ़

स्कूल खुलने की तारीख बढ़ाने का वायरल आदेश फर्जी, 16 जून से ही लगेंगी कक्षाएं: गजेंद्र यादव

छत्तीसगढ़ में स्कूल खुलने की तारीख बढ़ाए जाने संबंधी एक कथित आदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि स्कूल शिक्षा विभाग ने इस पत्र को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के सभी स्कूल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जून 2026 से ही खुलेंगे।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्कूल खुलने की तारीख में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा पत्र विभाग द्वारा जारी नहीं किया गया है। मंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे केवल विभाग के आधिकारिक आदेशों और सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

मंत्री यादव ने कहा कि वायरल दस्तावेज की जांच की जा रही है और फर्जी आदेश तैयार कर उसे प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वायरल पत्र में स्कूलों को 1 जुलाई से खोलने का दावा किया गया था, जिसे विभाग ने पूरी तरह गलत बताया है।

इधर, स्कूल शिक्षा विभाग ने 16 जून को पूरे प्रदेश में शाला प्रवेश उत्सव आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में कलेक्टरों, जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्राचार्यों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के लिए पत्र भेजा गया है। विभाग ने स्कूलों में साफ-सफाई, मरम्मत कार्य, प्रचार-प्रसार, विद्यार्थियों के नामांकन और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

विभाग ने यह भी कहा है कि नए शैक्षणिक सत्र के लिए स्कूल परिसरों को आकर्षक बनाया जाए, मरम्मत कार्य 15 जून तक पूरे कर लिए जाएं और स्कूल छोड़ चुके बच्चों को फिर से शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जाएं। साथ ही शिक्षकों को आगामी तीन महीनों की शैक्षणिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्कूल शिक्षा विभाग ने अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों से अपील की है कि वे किसी भी सूचना की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से ही करें और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अपुष्ट संदेशों से सावधान रहें।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts