क्रांइमदेश

असम में वायुसेना का AN-32 विमान क्रैश, 5 जवानों की मौत; हादसे की जांच शुरू

असम के जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन पर शनिवार को भारतीय वायु सेना का एक AN-32 ट्रांसपोर्ट विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वायु सेना के पांच कर्मियों की मौत हो गई, जबकि सह-पायलट घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान एयरबेस पर लैंडिंग की प्रक्रिया में था, तभी यह दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे के बाद एयरबेस पर तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल और आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों को मौके पर भेजा गया और क्षेत्र को सुरक्षित किया गया।

भारतीय वायु सेना ने कहा, ‘आज जोरहाट में लैंडिंग के समय वायु सेना का एएन-32 एयरक्राफ्ट का एक्सीडेंट हो गया। एक्सीडेंट का कारण पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का आदेश दे दिया गया।’

हादसे के बाद घटनास्थल से धुआं उठता देखा गया। दुर्घटना से जुड़े फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

AN-32 विमान रूस में निर्मित ट्विन-इंजन टैक्टिकल मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट है, जिसे यूक्रेन के एंटोनोव डिजाइन ब्यूरो ने विकसित किया था। यह विमान विशेष रूप से ऊंचाई वाले और कठिन मौसम वाले इलाकों में बेहतर प्रदर्शन के लिए जाना जाता है। इसमें दो इवचेंको AI-20 टर्बोप्रॉप इंजन लगे होते हैं और इसकी अधिकतम ऑपरेशनल रेंज लगभग 2,500 किलोमीटर है।

गौरतलब है कि AN-32 विमान पहले भी कई गंभीर हादसों का शिकार हो चुका है। वर्ष 2019 में अरुणाचल प्रदेश के लिए उड़ान भरने वाला एक AN-32 विमान लापता हो गया था, जिसका मलबा बाद में पहाड़ी क्षेत्र में मिला था। वहीं 2016 में चेन्नई से पोर्ट ब्लेयर जा रहा एक अन्य AN-32 बंगाल की खाड़ी के ऊपर गायब हो गया था, जिसमें सवार सभी 29 लोगों को मृत मान लिया गया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts